स्थानीय

आदेश गुप्ता ने भगवान शिव की आराधना कर दिल्लीवालों के कल्याण हेतु प्रार्थना की

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने महाशिवरात्रि के पावन मौके पर वेस्ट पटेल नगर मंडल के प्रेम नगर में शिव मंदिर में दर्शन कर माथा टेका एवं पूजा अर्चना की। उन्होंने इस महापर्व पर पूरे दिल्लीवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से जनता के जीवन में सुख, समृद्धि व उत्तम स्वास्थ्य के लिए मंगल कामना की। इस मौके पर उत्तरी दिल्ली निगम के महापौर श्री जयप्रकाश, स्थाई समिति के अध्यक्ष श्री छैलबिहारी के साथ शिव विवाह समिति के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।
आदेश गुप्ता ने सम्मेलन में उपस्थित शिवभक्तों से कहा कि भगवान शिव जग कल्याणकारी है, उनकी आराधना करने मात्र से ही सभी सुखों की प्राप्ति होती है। श्री गुप्ता ने मंदिर में भगवान शिव की आराधना किया और दिल्लीवासियों के लिए धन-धान्य और स्वस्थ्य जीवन की कामना की। शिवरात्रि के मौके पर भगवान शिव विवाह का आयोजन किया गया और साथ ही भक्तों के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई थी। श्री गुप्ता ने कहा कि भगवान शिव कण-कण में वास करते हैं। वे हमें अपने आशीर्वाद से कृतार्थ करें और समस्त जगत का कल्याण करें। उन्होंने भगवान शिव की पूजा करने के बाद कहा कि कोरोना जैसी महामारी से लोगों को जल्द से जल्द छुटकारा मिले और चारों तरफ खुशहाली हो, बस भगवान से यही प्रार्थना है।

Translate »