स्थानीय

उत्तरी निगम 8000 बेड़ उपलब्ध करवाने को तैयार : महापौर

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि दिल्ली में लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे है जो बहुत ही चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली सरकार को उत्तरी दिल्ली नगर निगम के विभिन्न संस्थानों में लगभग 8000 बेड़ उपलब्ध कराने को तैयार है मगर उसके लिए दिल्ली सरकार को भी निगम का पूरा सहयोग करना होगा तभी हम सब मिल कर एक साथ कार्य कर सकते है।
महापौर जय प्रकाश ने कहा कि गत दिनों दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के तीनों महापौरों व तीनों निगमों के आयुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की थी। जिस में यह निर्णय लिया गया था की कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए दिल्ली सरकार व दिल्ली नगर निगम एक साथ मिल कर कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने दिल्ली नगर निगम द्वारा कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की थी। बैठक में हिन्दू राव अस्पताल को 200 बेड़ का कोविड अस्पताल बनाने व जरूरत पडऩे पर 400 बेड तक बनाने के बारे में चर्चा की गई थी।
महापौर जय प्रकाश ने कहा कि दिल्ली सरकार ने निगम को कोरोना मरीजों के लिए बेड उपलब्ध करवाने के लिए कहा था। उन्होंने बताया कि हम दिल्ली सरकार को निगम के विभिन्न संस्थानों में कोरोना मरीजों के लिए बेड़ उपलब्ध करवाने की व्यवस्था कर ली है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार बेड और ऑक्सीजन की सुविधाएं उपलब्ध करवाए तो उत्तरी दिल्ली नगर निगम के पालीक्लिनिक को रिहायशी क्षेत्रों में मिनी अस्पताल के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत आने वाले 71 विद्यालयों, जिनमें 1700 कमरे हैं, उन में यदि एक कमरे में चार बेड लगाए जाए तो 6800 बेड विकसित किए जा सकते है। उन्होंने बताया कि निगम में 12 समुदायिक केंद्र बड़े है जिनमें 700 बेड बनाए जा सकते है। उन्होंने बताया कि निगम के 17 पालीक्लिनिको में 2000 से 2500 बेड तक की व्यवस्था की जा सकती है और इन पालीक्लिनिको को आपातकालीन स्थिति के लिए किसी भी बडे अस्पताल से जोड़ा जा सकता है।
महापौर जय प्रकाश ने कहा कि हमने दिल्ली सरकार और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से उत्तरी दिल्ली नगर निगम के बालक राम अस्पताल में कोविड केयर केंद्र के रूप में शुरू करने के लिए अनुमति देने का निवेदन किया है। उन्होंने बताया कि बालक राम अस्पताल में 100 बेड का कोविड केयर केंद्र बन कर तैयार है। उन्होंने बताया कि हम ने दिल्ली सरकार को हिन्दू राव अस्पताल के लिए जो भी जरूरी व्यवस्थाएं है वो भी पूरी करने का निवेदन किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार को और निगम को एक साथ मिलकर कार्य करना होगा तभी हम इस लड़ाई को जीत सकते है।
महापौर जय प्रकाश ने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम 6 दिनों के लॉकडाउन में विभिन्न स्थानों पर सैनिटाइजेशन कार्य, महत्वपूर्ण स्थानों पर सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए चिन्ह और नागरिकों को टीका लगाने का कार्य करेगी।

Translate »