स्थानीय

संजय गांधी अस्पताल पर भोजन, सूखा राशन और अन्य चिकित्सा उपकरण बांटे

नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा द्वारा पिछले 41 दिनों से सेवा ही संगठन के अंतर्गत जरूरतमंद और कोरोना पीडि़त मरीजों के परिजनों को उनकी जरूरत का समान उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आज प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने संजय गांधी अस्पताल, मंगोलपुरी सहित कई जगहों पर सूखा राशन, पका भोजन, सेनेटाइजर, स्टीमर, मास्क सहित अन्य उपकरण का वितरण किया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजन तिवारी और अशोक गोयल देवराहा, जिला अध्यक्ष बजरंग शुक्ला, संजय गर्ग, श्रीमती अंजली धीमान, जतिन निस्छल, धनेश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने जवालापुरी, रोहिणी सैक्टर-3, ईस्ट पटेल नगर और होली चैक पंजाबी बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि कोरोना काल में हजारों कार्यकर्ता लोगों की सेवा में जुटे हैं। इस दौरान पार्टी के डॉक्टर प्रकोष्ठ को 5654 ऐसे मरीजों ने संपर्क किया जो घर में रहकर उपचार करा रहे थे। इनमें से 2234 मरीजों को तुरंत जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराई गई और बाकियों को जरूरी सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि इस महामारी की वजह से कई परिवारों ने अपनों को खोया जिनके परिजनों के साथ हमारी गहरी संवेदना है। उनके असहनीय पीड़ा को हम वापस तो नहीं ला सकते, लेकिन हमारी पार्टी पूरी तरह से किसी भी प्रकार की सहायता करने के लिए तत्पर है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि गत 41 दिनों में 17 अस्पतालों के बाहर जन रसोई के तहत भोजन सेवाएं बराबर आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश भाजपा की ओर से करीब 4.80 लाख लोगों को मास्क बांटे गए। इसके साथ ही 1084 लोगों को जो गंभीर रूप से पीडि़त थे, अस्पताल में भर्ती करवाया गया और पार्टी के 2032 कार्यकर्ताओं ने विभिन्न अस्पतालों में रक्तदान किया। इसके साथ ही सैनिटाइजर और चिकित्सा उपकरण बड़ी संख्या में लोगों के बीच बांटी गई। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से जनसेवा का यह कार्य लगातार जारी रहेगा और हर जरूरतमंद को पका या कच्चा राशन उपलब्ध कराने का प्रयास रहेगा। लोग जिस उम्मीद के साथ केजरीवाल सरकार को सत्ता में लाये उसके ठीक विपरीत दिल्ली सरकार ने उन पर कोई ध्यान नहीं दिया।

Translate »