स्थानीय

प्रदेश भाजपा इस बार की दीपावली झुग्गीवासियों के साथ मनाएगी : आदेश गुप्ता

नई दिल्ली। केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारियों ने आज दिल्ली भाजपा द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह में सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी। श्रीमती लेखी ने कहा कि पिछले लगभग 20 महीनों के बाद अब एक ऐसा मौका आया है जब हम एक दूसरे के साथ मिलकर खुशियां बांटेंगे। पिछले 20 महीनों से जिस तरह से हम सबने मिलकर कोरोना के खिलाफ जंग लड़ी है, आज उसी का नतीजा है कि हम यहां इकट्ठे हो पाए हैं।
श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सभी का साथ मिलने से टीकाकरण का इतना बड़ा अभियान चलाकर हमने कोरोना मुक्त भारत का जो दृढ़ निश्चय किया था, आज उसे पूरा करने की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस दीपावली हम निर्णय लें कि स्वदेशी अपनाएंगे ताकि जो हमारे कारीगर भाई-बहन हैं उनके भी घर में दीपावली का त्योहार मनाया जाएगा और आशा कतरी हूं कि इस बार की दीपावली शांति, प्रदूषण मुक्त हो।
उन्होंने कहा कि दीपावली का त्योहार हम सब के लिए खुशियां, समृद्धि और शांति का प्रतीक बनकर आए इसी शुभकामनाओं के साथ हम प्रार्थना करते हैं कि मां लक्ष्मी सभी को समृद्ध बनाए और देश विकास के पथ पर अग्रसर रहे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आए सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस बार की दीपावली हम लोग विशेष रुप से मनाने वाले हैं, क्योंकि इस बार जितने भी कार्यकर्ता, सांसद, विधायक एवं पदाधिकारी हैं, झुग्गिझोपड़ी में जाकर इस बार की दीपावली मनाएंगे, क्योंकि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया काम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति को लाभ पहुंचाना है। इसलिए दिल्ली भाजपा का यह निर्णय कि है कि इस इस बार की दीपावली हम झुग्गीवासियों के बच्चों के साथ मिलकर दीये जलाएंगे।
श्री गुप्ता ने कहा कि भारतीय संस्कृतिक की यही विशेषता है कि हर वर्ग के लोग आपस में मिलकर इस प्रकाशपर्व को मनाते हैं और इस बार की दीपावली झुग्गीवासियों के साथ मिलकर उनके बच्चों के बीच मिठाईयां बांटकर मनाई जाएगी।
इस मौके पर सांसद  रमेश बिधूड़ी एवं श्री प्रवेश साहिब सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री विजय गोयल एवं श्री विजेन्द्र गुप्ता, प्रदेश महामंत्री  हर्ष मल्होत्रा, श्री कुलजीत सिंह चहल एवं श्री दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अशोक गोयल देवराहा, मीडिया प्रमुख  नवीन कुमार जिंदल, मीडिया सह-प्रमुख श्री हरिहर रघुवंशी, श्री अनिल वर्मा एवं श्रीमती ममता काले, प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती योगिता सिंह, भाजपा विधायक श्री अभय वर्मा, श्री अनिल वाजपेयी एवं श्री ओम प्रकाश शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता एवं अन्य प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे।
Translate »